Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पावर कारपोरेशन ने 53,068 उपभोक्ताओं की शिकायतों का किया निस्तारण

पावर कारपोरेशन ने 53,068 उपभोक्ताओं की शिकायतों का किया निस्तारण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि० द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उपभोक्ता सेवा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 15 मई 2026 से 30 जून 2026 तक विशेष बिल संशोधन कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत निगम क्षेत्र के विभिन्न विद्युत वितरण खंडों में आयोजित विशेष सेवा शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से संबंधित विभिन्न सेवाएं त्वरित एवं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान के तहत स्मार्ट मीटर ऐप, बिल संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट तथा अन्य उपभोक्ता सेवाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।

अब तक डिस्कॉम के अंतर्गत आयोजित कैम्पों में स्मार्ट मीटर ऐप से संबंधित 15,626 शिकायतों का सफल निस्तारण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त अन्य सेवा श्रेणी के 9,985 प्रकरणों का समाधान किया गया है। विभिन्न श्रेणियों को मिलाकर अब तक 53,068 शिकायतों का सफल निस्तारण किया जा चुका है, जो अभियान की प्रभावशीलता एवं उपभोक्ता सेवा के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इसी प्रकार बिल संशोधन (Bill Revision) के 11,674 मामलों का सफल निस्तारण किया गया है, जबकि मोबाइल नंबर अपडेट सेवा के अंतर्गत 15,783 उपभोक्ताओं के अनुरोधों का समाधान कर उन्हें डिजिटल सेवाओं से जोड़ा गया है।

प०वि०वि०नि०लि० द्वारा संचालित यह अभियान उपभोक्ताओं को पारदर्शी, आधुनिक एवं समयबद्ध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विशेष शिविरों के माध्यम से न केवल शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, बल्कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर ऐप के उपयोग, डिजिटल भुगतान एवं अन्य ऑनलाइन सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल