Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पीएम मोदी के प्रयासों से योग को मिले वैश्विक पहचानः मीनाक्षी स्वरूप

पीएम मोदी के प्रयासों से योग को मिले वैश्विक पहचानः मीनाक्षी स्वरूप

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा टाउनहाल परिसर में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव संबोधन का प्रसारण भी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।

नगर पालिका परिषद की ओर से 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर टाउनहाल परिसर में योग कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, सभासदों तथा पालिका कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाचार्य के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाचार्य ने उपस्थित लोगों को नियमित योग के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का भी महत्वपूर्ण स्रोत है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न आसनों के साथ प्राणायाम की तकनीकों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए लाइव संबोधन के प्रसारण के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और इसे प्रेरणादायी बताते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारत की संस्कृति और ज्ञान परंपरा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। योग भी इसी स्वस्थ और सशक्त भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान मुख्य रूप से सभासद मनोज वर्मा, मोहित मलिक, योगेश मित्तल, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, सभासद पति सुन्दर सिंह, ललित कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही, जेई जलकल जितेन्द्र कुमार, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, लिपिक अशोक ढींगरा, आकाशदीप, आईटी प्रियेश कुमार, गगन महेन्द्रा, मैनपाल सिंह, गोपीचंद वर्मा, रूचि शर्मा, नितिन कुमार सहित अन्य कर्मचारी और आम जनमानस ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल