मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

टाउन हाल मैदान की वाहन पार्किंग में बडा गडबडझाला प्रकाश में आने पर तत्कालीन ईओ जाने से पहले लाइसेंस लिपिक के खिलाफ कार्रवाई और 24.23 लाख रुपए की संस्तुति कर चेयरपर्सन को पत्र भेजा है। आरोप है कि लाइसेंस लिपिक के द्वारा बार-बार मांगे जाने पर ठेके में लगे चरित्र, हैसियत और मूलनिवास आदि प्रमाण पत्रों की सत्यापन रिपोर्ट नहीं दे पाया है। बताया जा रहा है कि उक्त सभी दस्तावेजों में फर्जीवाडा किया हुआ है। नगर पालिका के राजस्व में हुई वित्तीय हानि को लेकर चेयरपर्सन के द्वारा क्या कार्रवाई की जाएगी यह अभी भविष्य के गर्भ में छुपा हुआ है।
सभासद देवेश कौशिक ने पिछले दिनों टाउन हाल पार्किंग के ठेके में गडबडझाले का आरोप लगाते हुए डीएम और ईओ से शिकायत की थी। डीएम के द्वारा इस प्रकरण में दो सदस्य समिति बनाकर जांच कराई जा रही है। उधर तत्कालीन ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने जाने से पहले इस मामले में गंभीरता के साथ जांच पडताल की है। उन्होंने चेयरपर्सन को दिए गए पत्र में बताया है कि टाउन हाल मैदान वाहन पार्किंग का ठेका मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी सुनील कुमार के नाम स्वीकृत था। उक्त पार्किंग स्थल से निर्धारित पार्किंग शुल्क वसूली के लिए 15 मार्च 2024 को कार्य आदेश जारी किया गया। वित्तीय वर्ष 2024.25 की अवशेष राशि जीएसटी सहित 24 लाख 23 हजार 799 रुपए ठेकेदार की ओर अवशेष रहे। उक्त धनराशि को जमा कराने के 4 मई 2026 को लाइसेंस लिपिक को आदेश दिए गए। वहीं लिपिक के द्वारा ठेके में लगे चरित्र, हैसियत और मूलनिवास आदि प्रमाण पत्रों की सत्यापन रिपोर्ट भी नहीं दी गई। ईओ ने अपने पत्र में लाइसेंस लिपिक द्वारा ठेकेदार से अवशेष धनराशि वसूलने हेतु रिकवरी की पत्रावली तैयार न किए जाने व ठेके में लगे प्रपत्रों की जांच न कराए जाने से इनकी ठेकेदार के साथ संलिप्ता प्रतीत होती है। उक्त प्रकरण में लाइसेंस लिपिक के विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मम विभागीय कार्यवाही किए जाने की संस्तुति की जाती है।

इन्होंने बताया
टाउन हॉल मैदान वाहन पार्किंग प्रकरण में साइसेंस लिपिक की ठेकेदार के साथ संलिप्ता प्रतीत हुई है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए चेयरपर्सन की रिपोर्ट सौंपी गई थी। वहीं उनसे 24.23 लाख की रिकवरी भी की जानी है।
डा. प्रज्ञा सिंह, तत्कालीन ईओ नगर पालिका
इन्होंने बताया
तत्कालीन ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने जाने से पहले 13 मई 2026 को लाइसेंस लिपिक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए चेयरपर्सन को रिपोर्ट सौंपी है। अभी चेयरपर्सन के द्वारा कोई कार्रवाई इस प्रकरण में नहीं की गई है।
देवेश कौशिक, सभासद वार्ड संख्या 26






