मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहरी क्षेत्र में विभिन्न डिवाइडरों पर लगे नगर पालिका के स्ट्रीट लाइट के पोल दुर्घटनाओं का सबब बने हुए है। जिला अस्पताल के बाहर टूटे हुए स्ट्रीट लाइट के पोल को पथ प्रकाश विभाग की टीम हटाने के लिए गई थी, इस बीच दूसरा स्ट्रीट लाइट का पोल टूटकर गिर गया। इस दौरान तीन लोग चोटिल हो गए। जिनका ठेकेदार के द्वारा जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
नगर पालिका के द्वारा शहर क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए तमाम इंतजाम किए गए है। शहर की विभिन्न सड़कों के डिवाइडरों पर नगर पालिका के द्वारा पोल लगाते हुए स्ट्रीट लाइटें लगी हुई है। सूत्रों का कहना है कि काफी संख्या में स्ट्रीट लाइटों के पोल नीचे से खराब हो चुके है। जिला अस्पताल के बाहर डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट का एक पोल टूटा हुआ था। वह किसी भी समय गिर सकता था। इसकी सूचना रात्रि में नगर पालिका ईओ पवन कुमार को दी गई। ईओ पवन कुमार ने बुधवार सुबह मौके पर पथ प्रकाश विभाग की टीम को भेजा। टीम मौके पर पहुंची और टूटे हुए पोल को मौके से हटाया। टीम इस पोल को लेकर ही चली थी कि अचनाक वहीं पर दूसरा स्ट्रीट लाइट का पोल भी गिर गया। इस दौरान तीन लोग चोटिल हो गई। जिनका संबंधित ठेकेदार के द्वारा जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है।






