Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » चेयरपर्सन व ईओ ने किया कम्पनी बाग का निरीक्षण, निर्माण कार्यों गुणवत्ता को परखा

चेयरपर्सन व ईओ ने किया कम्पनी बाग का निरीक्षण, निर्माण कार्यों गुणवत्ता को परखा

मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बुधवार को कम्पनी गार्डन स्थित कमला नेहरू वाटिका का औचक निरीक्षण कर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत चल रहे सौन्दर्यकरण एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार तथा संबंधित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने वाटिका में संचालित निर्माण कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत किए जा रहे विकास एवं सौन्दर्यकरण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने परिसर में रखे कबाड़ एवं अनुपयोगी वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि कमला नेहरू वाटिका शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जिसे अधिक आकर्षक, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि पालिकाध्यक्ष द्वारा कमला नेहरू वाटिका का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत सीएंडडीएस जल निगम द्वारा कराए जा रहे सौन्दर्यकरण और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। ठेकेदार से जानकारी ली और जेई जल निगम सीएंडडीएस से फोन पर वार्ता करते हुए कार्य समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही साफ-सफाई एवं जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान एई निर्माण नैपाल सिंह, वाटिका सुपरवाइजर दुष्यंत चौधरी और मौहम्मद सालिम के अतिरिक्त अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल