Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » अब दुल्हन को उपहार में नहीं मिलेंगी पायल-बिछिया

अब दुल्हन को उपहार में नहीं मिलेंगी पायल-बिछिया

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दुल्हन को मिलने वाले उपहारों में अब पायल और बिछिया नहीं मिलेगी। चांदी के बढते मूल्य और पीएम नरेन्द्र मोदी की विदेशी मुद्रा बचाने की अपील के बाद समाज कल्याण विभाग ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दिए जाने वाले उपहार व्यवस्था में बदलाव किया है। बिछिया और पायल खरीदने के लिए निर्धारित चार हजार की धनराशि अब सीधे दुल्हन के खाते में जाएगी। इस तरह से दुल्हन को अब 64 हजार रुपए की धनराशि कन्यादान के रूप में मिलेगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में प्रत्येक जोडे पर एक लाख रुपए की धनराशि खर्च की जाती है। जिसमें दुल्हन के खाते में 60 हजार रुपए की धनराशि कन्यादान के रूप में जाती है। वहीं 25 हजार रुपए से पायल, बिछिया आदि अन्य उपहार का सामान दिया जाता है। वहीं 15 हजार रुपए की धनराशि आयोजन पर खर्च की जाती है। जिसमें भोजन की व्यवस्था भी शामिल है। समाज कल्याण विभाग के द्वारा पूर्व में 65 टंच की 30 ग्राम की पायल और 10 ग्राम की बिछिया दुल्हन को दी जाती थी। पिछले कुछ समय से चांदी की कीमतों में काफी बढोत्तरी हुई है। जिस कारण उच्चस्तर पर उक्त आभूषणों की खरीद न करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए नई व्यवस्था को शुरू किया गया है। जिसमें दुल्हन को पायल और बिछिया उपहार में नहीं दी जाएगी। उक्त आभूषण के लिए निर्धारित चार हजार रुपए की धनराशि दुल्हन के खाते में जाएगी। इस तरह से दुल्हन को 64 हजार रुपए की धनराशि दी जाएगी। वहीं 21 हजार रुपए के उपहार दिए जाएगे।

इन्होंने बताया
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दुल्हन को दिए जाने वाले उपहार व्यवस्था में उच्चस्तर से बदलाव किया गया है। चांदी की कीमत में लगातार हो रही बढोत्तरी को देखते हुए अब दुल्हन को उपहार में पायल और बिछिया नहीं दी जाएगी। दोनों आभूषण के लिए निर्धारित चार हजार रुपए की धनराशि दुल्हन के खातें में जाएगी। इस तरह से दुल्हन के बैंक खाते में 64 हजार रुपए की धनराशि जाएगी और 21 हजार रुपए के उपहार के रूप में सामान दिया जाएगा।
कमलेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल