मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


शहर के मोहल्ला दक्षिण कृष्णापुरी में घनी आबादी के बीच एक मकान की तीसरे मंजिल पर लगने जा रहे मोबाइल टॉवर का मोहल्लेवासियों ने जमकर विरोध किया। मोहल्ले में निरीक्षण को पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल को भी गुस्साए लोगों के विरोध का सामना करना पडा है।


मोहल्लेवासियों ने इस संबंध में डीएम और एमडीए से भी शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पायी है। इस बात से खफा होकर मोहल्लेवासियों ने पलायन करने की चेतावनी दी है। वहीं घर के बाहर मकान बिकाऊ और पलायन के पोस्टर चस्पा किए है।

शहर के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी एक घनी आबादी का क्षेत्र है। जिसमें पूर्ववत दो मोबाइल टावर स्थित है। अब यहां पर एक मकान की तीसरी मंजिल पर मोबाइल टॉवर लगाने की तैयारी चल रही है। मोबाइल टवार लगाने के लिए कार्य चल रहा है। जबकि उक्त मकान के पास तीन शिक्षण संस्थाए संचालित है। जिनमें एम.डी. पब्लिक स्कूल, चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल तथा एस.एस.डी. इंटर कालेज स्थापित है। जिनमें काफी विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे है।

उक्त मोबाइल टावर मानको के अनुसार स्थापित नहीं किया जा रहा है। उक्त स्थान 12 फीट चौडें रास्ते पर स्थित है और घनी आबादी एंव शिक्षण संस्थान के अत्यन्त समीप है। जिससे मोहल्लेवासियों में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गम्भीर चिंता बनी हुई है। वहीं उक्त भवन भूकम्प रोधी भी नहीं है तथा आस-पास के रिहायशी मकान आपस में जुडे हुए है। कोई खुला मैदान नही है। मोहल्लेवासियों ने उक्त मोबाइल टावर की स्थापना को जांचोपरान्त तुरन्त रोकने की मांग की है। इस संबंध में मोहल्लेवासियों ने डीएम और एमडीए से भी शिकायत की है।

वहीं शनिवार को निरीक्षण के लिए मोहल्ले में पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल के समक्ष भी मोहल्लेवासियों ने विरोध जताया है। मंत्री के द्वारा कोई आश्वासन न दिए जाने पर गुस्साए लोगों ने घर के बाहर मकान बिकाऊ और पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए है। वहीं करीब 70-80 लोगों ने यहां से पलायन करने की चेतावनी दी है।






