मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी को शहर में काम करते हुए एक साल पूरा हो गया है। इस एक साल में कम्पनी ने शहर को स्वच्छ और सुन्दर बनाते हुए एक नई पहचान दी है। वहीं की तस्वीर बदलने का काम किया है। शहर के मुख्य मार्गों से डलावघरों को बंद किया गया है। शहर में 12 स्थानों पर कॉम्पैक्टर और 15 स्थानों पर गारबेज टिपर वाहनों की तैनाती करते हुए सड़कों पर जमा होने वाले कूड़ा की समस्या का स्थाई समाधान भी किया है। इसके अलावा पुराने कूड़ा डलावघरों को बंद करने के बाद आकर्षक स्वरूप देकर सेल्फी प्वाइंट में परिवर्तित किया जा रहा है।


शहर में डोर टू डोर कूडा कलेक्शन और मुख्य मार्गों से कूडा उठाने के लिए नगर पालिका का जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी के साथ तीन साल के लिए अनुबंध हुआ था। इस कम्पनी को काम करते हुए एक साल पूरा हो गया है। कंपनी ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को स्वीकार करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देने का काम किया। कंपनी के एमडी जीवन कुमार उपाध्याय ने एक चुनौतीपूर्ण वातावरण में प्रोजेक्ट हेड के रूप में नीतेश चौधरी को यहां जिम्मेदारी सौंपकर कार्य संचालन शुरू किया। जिन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर पुराने सिस्टम की कमियों को दूर करने और नई कार्यप्रणाली को सफलतापूर्वक लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में कंपनी 500 से अधिक कर्मचारियों के माध्यम से सभी 55 वार्डों में नियमित रूप से कूड़ा संग्रहण और निस्तारण का कार्य कर रही है। शहर में 12 स्थानों पर कॉम्पैक्टर और 15 स्थानों पर गारबेज टिपर वाहनों की तैनाती कर सड़क किनारे कूड़ा जमा होने की समस्या को काफी हद तक समाप्त कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया और नगरपालिका को स्वच्छता रैंकिंग में अप्रत्याशित सफलता हासिल करते हुए 36वीं रैंक प्राप्त हुई।

एमआरएफ सेंटर से 3.40 लाख रुपये की आय कूड़ा प्रबंधन से की अर्जित
मुजफ्फरनगर। रूडकी रोड स्थित एमआरएफ सेंटर (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) के माध्यम से कूड़े से कमाई की अवधारणा को जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी के द्वारा सफल बनाया जा रहा है। इस सेंटर पर 12 कर्मचारियों, एक सुपरवाइजर और एक सुरक्षा गार्ड को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। वेतन, बिजली और अन्य संचालन खर्चों के बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा एक वर्ष में लगभग 3.40 लाख रुपये की आय कूड़ा प्रबंधन से अर्जित की गई है, जो अपशिष्ट प्रबंधन को आर्थिक रूप से उपयोगी बनाने की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

डीएम आवास के सामने डलावघर को हटाकर बनाया सेल्फी प्वाइंट
मुजफ्फरनगर। कम्पनी के शहरी क्षेत्र में कई पुराने कूड़ा डलावघरों को बंद करने के बाद आकर्षक स्वरूप देकर सेल्फी प्वाइंट में परिवर्तित किया जा रहा है। मेरठ रोड पर डीएम आवास के सामने स्थित कूड़ा डलावघर को हटाकर विकसित किए गए सेल्फी प्वाइंट ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया है। इस परियोजना पर कंपनी द्वारा लगभग 8.80 लाख रुपये का व्यय किया गया है। इसका शुभारंभ जल्द किया जायेगा।

इन्होंने बताया
मुजफ्फरनगर में स्वच्छता व्यवस्था को नई पहचान दिलाने में नगर पालिका परिषद और हमारी पूरी टीम का सामूहिक योगदान रहा है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के सकारात्मक मार्गदर्शन, दूरदर्शी सोच और निरंतर सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। एक वर्ष के भीतर जो परिणाम सामने आए हैं, वे टीम वर्क, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण हैं। आने वाले समय में भी हम स्वच्छ मुजफ्फरनगर के लक्ष्य को और मजबूती देने के लिए नए नवाचारों के साथ कार्य करते रहेंगे।
जीवन उपाध्याय, एमडी जेएस एनवायरो कम्पनी
इन्होंने बताया
जब हमने यह जिम्मेदारी संभाली थी, तब कई चुनौतियां हमारे सामने थीं। पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत कर व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया। कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और प्रबंधन के सहयोग से शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव संभव हुआ है। आगामी समय में स्रोत पर कचरा पृथक्करण, जनजागरूकता अभियान और आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणालियों को और अधिक प्रभावी बनाकर मुजफ्फरनगर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल कराने का लक्ष्य है।
नीतेश चौधरी, प्रोजेक्ट मैनेजर जेएस एनवायरो कम्पनी






