मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज
जालौन नगर पालिका से रिलिव होकर मुजफ्फरनगर नगर पालिका में आए नए ईओ पवन कुमार को अभी चार्ज नहीं मिल पाया है। चेयरपर्सन के बाहर होने के कारण उन्हें नगर पालिका का चार्ज नहीं मिला है। पवन कुमार के द्वारा योगदान आख्या नगर पालिका के मैन आफिस में सौंपी गई है। अभी मुजफ्फरनगर नगर पालिका का चार्ज ईओ डा. प्रज्ञा सिंह पर ही है। उनके द्वारा जनगणना का महत्वपूर्ण कार्य देखा जा रहा है।
मुजफ्फरनगर नगर पालिका परिषद में डा. प्रज्ञा सिंह ने 16 फरवरी 2024 में ईओ के पद पर ज्वाईन किया था। मुजफ्फरनगर में उनका कार्यकाल काफी संघर्ष पूर्ण रहा है। डा. प्रज्ञा सिंह के द्वारा शहर के मुख्य मार्गों पर स्थित डलावघरों को बडी सख्ती के साथ बंद कराया गया है। अब शहरी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर कोई डलावघर नहीं है। सभी पर कम्पेक्टर आदि की व्यवस्था कराई गई है। जिला अस्पताल और सिटी नगर में सामने बना हुआ डलावघर सबसे बडी चुनौती था। इसके अलावा ईओ डा. प्रज्ञा सिंह के द्वारा कम्पनी बाग का सौन्दर्यीकरण आदि विकास कार्यों को गति दी गई है। अब वर्तमान में उनके द्वारा वर्ष 2027 की जनगणना का कार्य देखा जा रहा है। ऐसे में शासन ने उनका ट्रांसफर मुरादाबाद नगर निगम में किया है। विशेष सचिव उदय भानु त्रिपाठी ने आदेश जारी करते हुए डॉक्टर प्रज्ञा सिंह को मुरादाबाद नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त के पद पर ट्रांसफर किया है। वहीं विशेष सचिव उदय भानु त्रिपाठी ने पवन कुमार संयुक्त नगर आयुक्त नगर पालिका परिषद जौनपुर का तत्काल प्रभाव से मुजफ्फरनगर नगर पालिका में ट्रांसफर किया है। बुधवार को पवन कुमार अपनी नवीन तैनाती के लिए मुजफ्फरनगर पहुंचे। लेकिन चेयरपर्सन के बाहर होने के कारण उन्हें नगर पालिका का चार्ज अभी नहीं मिल पाया है। फिलहाल पवन कुमार के द्वारा मैन आफिस में योगदान आख्या सौंप दी गई है।

इन्होंने बताया
मैं नगर पालिका जालौन से रिलिव होकर मुजफ्फरनगर नगर पालिका में आ गया हूं। अभी चेयरपर्सन बाहर गई हुई है। गुरुवार की शाम तक उनके आने की उम्मीद है। चेयरपर्सन के बाहर होने के कारण अभी चार्ज नहीं मिला है। मेरे द्वारा मैन आफिस में योगदान आख्या सौंप दी गई है।
पवन कुमार, नए ईओ नगर पालिका





