मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

व्यापारी संरक्षण संस्थान रजिस्टर्ड व्यापार मण्डल मुजफ्फरनगर का एक प्रतिनिधि मंडल संगठन के प्रदेश महामंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमोहन तायल के नेतृत्व में चेयरपर्सन के आवास पर पहुंचा। व्यापारियों ने नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के निर्माण कार्यों में हो रहे भ्रष्टाचार के मामले में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कडी कार्रवाई करनी चाहिए।
व्यापारियों ने सर्वप्रथम कंपनी बाग के सौंदर्यीकरण व नगर की सफाई व्यवस्था सुधारने पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप का आभार व्यक्त किया। व्यापारियों ने विभिन्न समस्या रखते हुए कहा कि काली नदी अत्यंत प्रदूषित हो रही है। इस पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। ताकि काली नदी के जल को स्वच्छ बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी कावड़ व बरसात को देखते हुए नालों की सफाई शीघ्र होनी चाहिए। जिससे पानी की निकासी आराम के साथ हो सके। नगर पालिका के सिकमी दुकानदारों की समस्या का भी हल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर में बंदर व कुत्तों का आतंक समाप्त होना चाहिए। शिव चौक व हनुमाम चौक पर बने टॉयलेट का जीर्णोद्धार किया जाए। रामपुरी के बाहर नाले का निर्माण किया जाए। दक्षिणी कृष्णा पुरी में भूमिया से पहले भोपाल के मंदिर वाली गली में लाइट लगाई जाए। मोती झील को कब्जा मुक्त करा कर सौंदर्यकरण किया जाए। नगर में तीन पुल बने हुए हैं उनके नीचे काफी जगह होने के कारण वाहनों को झटका लगता है, इस और भी ध्यान देकर कार्रवाई की जाए। इस दौरान अरुण सपरा, कमल कांत शर्मा, बंटी अग्रवाल, मनोज पांचाल, संजय मित्तल, प्रवीण जैन, शिवकुमार त्यागी, दीपक मित्तल, मुरली गंगरेजा, प्रमोद वर्मा, प्रवीण जैन आदि मौजूद रहे।






