मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भीषण गर्मी में हो रही बिजली कटौती और रोस्टिंग को लेकर चौतरफा हाहाकार मचा हुआ है। दिन में हो रही बिजली कटौती लोगों के पसीने छुटा रही है और रात्रि में बिजली रोस्टिंग लोगों की नींद उडा रही है। भीषण गर्मी में खराब हुई बिजली की व्यवस्था को लेकर लोगों में काफी आक्रोश बना हुआ है। जो कभी भी फट सकता है। उधर पावर कारपोरेशन ने गुरुवार को सुरेंद्र नगर बिजली घर पर एटूज़ेड फीडर के भार को दो भाग में किया है।
गर्मी में लगातार बिजली की खपत बढती जा रही है। जिस कारण अधिकांश बिजलीघर ओवरलोड बने हुए है। बिजलीघरों पर अत्यधिक भार होने के कारण हाईटेंशन लाइनों में बार बार ब्रेकडाउन, फाल्ट और सप्लाई फेल हो रही है। मंडी समिति बिजलीघर से लाईट शाम चार बजे से गुल है। मंडी की 33केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से लाइट बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। बताया जा रहा है कि मंडी बिजली घर के मेनलाइन में फॉल्ट आ गया है जिस कारण मंडी से चलने वाले फीडरों की आपूर्ति प्रभावित है पेट्रोलिंग किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई को लेकर बुरा हाल बना हुआ है। अधिकांश गांव को दिन में ढाई से तीन घंटे बिजली मिल रही है। ऐसे में लोग काफी परेशान है। मुख्य अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि एटूज़ेड फीडर के भार को दो भाग में सुरेंद्र नगर बिजली घर पर जोडा गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से लोड कम करने की अपील की है।





