मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुज़फ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शामली रोड पर काली नदी स्थित, लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन सेतु के निर्माण कार्य का मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा विधिवत भूमि पूजन किया गया।

यह सेतु लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा अनुभव की जा रही आवागमन संबंधी कठिनाइयों के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सेतु के निर्माण से स्थानीय निवासियों, किसानों, व्यापारियों एवं आमजन को सुरक्षित, सुगम और त्वरित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही, दोनों ओर के क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होने से व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र के समग्र आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए मंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर, पूर्ण गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि जनता को शीघ्रतम लाभ मिल सके।
यह सेतु न केवल एक आधारभूत संरचना का विकास है, बल्कि क्षेत्र की प्रगति, सुविधा और समृद्धि की दिशा में एक मजबूत आधारशिला भी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर जिलाउपाध्यक्ष संजय गर्ग, रालोद के जिलाध्यक्ष संदीप राठी, ब्लाक प्रमुख गौरव पंवार, दीपक मित्तल, राधे वर्मा, अनुज कुमार, सभासद योगेश मित्तल, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, प्रशांत चौधरी, विजय कुमार, मोहित मालिक, अमित बॉबी, अमन तोमर, सुनील तायल, तरुण मित्तल, अमित शास्त्री, विनय पंवार, जगदीश पांचाल आदि मौजूद रहे।





