मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर विकास विभाग मंत्री एके शर्मा द्वारा स्वीकृत लगभग17 करोड़ की लागत से रामलीला टिल्ला क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं कार्य की गति का बारीकी से परीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नाले का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्य में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।

मंत्री ने नाले के साथ-साथ संबंधित सड़क निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके। मंत्री कपिल देव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाए। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री सुनील दर्शन, सभासद मनोज वर्मा, अमन तोमर, अमित सुधा, श्रवण मोघा, राधे वर्मा, अनुज, मनु प्रिय मजदूर आदि उपस्थित रहे।





