मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा रोहाना क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रोहाना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रोहाना का निरीक्षण किया, जहां ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए।
इसी क्रम में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, रोहाना का भी निरीक्षण किया गया। यहां पर संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। सीएमओ ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।






