मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

शहर में इन दिनों आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक चरम पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। खौफ का यह आलम गांधी कॉलोनी, शिवनगर, मदनपुरी और सुभाष नगर समेत कई क्षेत्रों में बना हुआ है।

शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे गांधी कॉलोनी और सुभाष नगर के लोगों का कहना है कि लगभग हर गली में आक्रामक कुत्तों के झुंड देखने को मिल रहा हैं, जिससे बच्चों का ट्यूशन जाना तक मुश्किल हो गया है। वहीं, बंदरों की बढ़ती संख्या भी लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। क्षेत्र में रोजाना कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ रहे हैं। सभासद अमित पटपटिया का कहना है कि 30 मार्च को इस समस्या को लेकर नगर प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इतना ही नहीं, एक सप्ताह पहले गांधी कॉलोनी मेन रोड स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने स्थानीय निवासियों ने धरना-प्रदर्शन भी किया था। प्रदर्शन के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। सभी लोगों ने डीएम कार्यालय पर ज्ञापन दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो जनता का आक्रोश बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकता है।






