मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहन परीक्षण किया गया।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में अधीक्षक डॉ. ओ. पी. जायसवाल की उपस्थिति में व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अस्पताल परिसर की स्वच्छता, ओपीडी व्यवस्था एवं दवा वितरण प्रणाली को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का निरीक्षण किया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रणव तेवतिया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीएमओ ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने, रिकॉर्ड संधारण को दुरुस्त रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनू कश्यप की उपस्थिति में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। यहां मरीजों को समयबद्ध उपचार, टीकाकरण कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन तथा जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।






