Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » किसान और व्यापारियों की समस्या को लेकर मंत्री नितिन गडकरी से मिले भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत

किसान और व्यापारियों की समस्या को लेकर मंत्री नितिन गडकरी से मिले भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत

दिल्ली। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत जी ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जनपद बागपत के दोघट क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर आवश्यक कट दिलाने तथा क्षेत्र की विभिन्न ग्रामीण सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण की मांग रखी।
चौधरी नरेश टिकैत जी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी को अवगत कराया कि बागपत जनपद के दोघट क्षेत्र में कॉरिडोर पर कट न होने के कारण स्थानीय किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खेतों तक पहुंचने, फसल को मंडियों तक ले जाने और दैनिक आवागमन में लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि दोघट में उचित स्थान पर कट प्रदान किया जाता है तो यह न केवल क्षेत्र के किसानों के लिए राहतकारी होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और विकास को भी गति मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की जर्जर ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग करते हुए कहा कि गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए सुदृढ़ सड़क नेटवर्क अत्यंत आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रस्तुत मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा।
भारतीय किसान यूनियन ने आशा व्यक्त की है कि केंद्र सरकार शीघ्र ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर बागपत जनपद के किसानों और आम जनता को राहत प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल