Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » अमर शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, ग्राम सोरम में हुआ कार्यक्रम

अमर शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, ग्राम सोरम में हुआ कार्यक्रम

मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

अमर शहीद सरदार भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव के बलिदान दिवस (23 मार्च) को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।  शहीद दिवस के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर के ग्राम सोरम में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर  संजय कुमार वर्मा द्वारा प्रतिभाग करते हुए महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।


इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए अमूल्य धरोहर है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर देशवासियों को स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया। उनका त्याग, साहस एवं राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि हम सभी का कर्तव्य है कि शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान दें तथा समाज में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, पुलिस कर्मियों एवं आमजन द्वारा भी शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। इस दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में चौधरी नरेश टिकैत, डा0 लौकेन्द्र बालियान,  धर्मवीर बालियान,  रामपाल मास्टरजी,  सुरेन्द्र सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल