Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » डिवाइन हॉस्पिटल एवं गंगा हॉस्पिटल की जांच को पहुंचे डिप्टी सीएमओ

डिवाइन हॉस्पिटल एवं गंगा हॉस्पिटल की जांच को पहुंचे डिप्टी सीएमओ

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार द्वारा दो निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य जनपद में संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं मानकों की स्थिति का आकलन करना तथा उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अजय कुमार ने रुड़की रोड स्थित डिवाइन हॉस्पिटल एवं गंगा हॉस्पिटल का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभिलेखों के रख-रखाव की विस्तार से जांच की।

दोनों अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित पाए गए। इस पर उन्होंने निर्देशित किया कि सीसीटीवी प्रणाली का नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करते हुए इसे निरंतर चालू रखा जाए, ताकि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित प्रमाण पत्र एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज सही एवं अद्यतन पाए गए। अस्पतालों में आवश्यक लाइसेंस एवं पंजीकरण से संबंधित अभिलेख भी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध थे।

निरीक्षण के समय पंजीकृत चिकित्सक डॉ. वर्षा एवं डॉ. पूर्णिमा दोनों अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उपस्थित मिलीं। डॉ. अजय कुमार ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारू रूप से संचालित की जाएं, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रूप में रखा जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

डॉ. अजय कुमार ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में इस प्रकार के औचक निरीक्षण समय-समय पर किए जाते रहेंगे, जिससे स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे तथा जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल