मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज


अलविदा जुमा के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में शांति, सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा थानाक्षेत्र खालापार सहित नगर क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया तथा अलविदा जुमा की नमाज को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया गया। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा एवं भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र के संवेदनशील, भीड़-भाड़ एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सघन फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भाव सुदृढ़ किया गया। इस दौरान नागरिकों से आपसी सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने, सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक खबर प्रसारित न करने, अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी खबर की पुष्टि पुलिस/प्रशासन से करने की अपील की गयी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया व धर्मगुरुओं के साथ वार्ता कर आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांति बनाए रखने पर बल दिया गया साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क एवं मुस्तैद रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने, निरंतर भ्रमणशील रहकर ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों/वस्तुओं पर सतर्क दृष्टि रखने तथा सौहार्द बिगाडने का प्रयास करने वालों पर तत्काल कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए साथ ही

इस अवसर पर स्थानीय धर्मगुरुओं, संभ्रांत व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारा, प्रेम एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई तथा सभी को बताया गया कि गाइडलाइन का पूर्ण रूप से पालन करे, नमाज केवल निर्धारित स्थानों (ईदगाह/मस्जिद) पर ही अदा करें तथा पर्वों को आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

नवरात्रि व आगामी ईद पर्व के दृष्टिगत जनपद में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पीआरवी/मोबाइल गाड़ियों द्वारा निरंतर गश्त की जा रही है, प्रत्येक जोन व सेक्टर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।






