मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज


महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 20.03.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर से पिंक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ0 रविशंकर, क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।


इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। स्कूटी रैली के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं/छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों एवं महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी दी जा रही है। स्कूटी रैली में शामिल पुलिस अधिकारी एवं महिला पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर रुककर महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है जिसमें, महिलाओं को 1090, 112, 181 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही साइबर अपराध, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा आदि से बचाव एवं शिकायत प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत निरंतर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके और महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान किया जा सके।






