हापुड़। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में अवैध रूप से गैस सिलिंडरों का भंडारण करने का मामला सामने आया है। जिला पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के घर से करीब 40 गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। मगर, आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम असौड़ा के फूटा कुआं स्थित पंचायती घर के पास रहने वाले रिहान पुत्र इजहार अहमद अपने घर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडरों का भंडारण कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर जिला पूर्ति विभाग की टीम ने थाना हापुड़ देहात पुलिस के साथ मिलकर मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान टीम को घर के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर रखे मिले। जांच में करीब 40 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिन्हें बिना किसी वैध अनुमति के जमा किया गया था। अधिकारियों ने सभी सिलिंडरों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक है। आशंका जताई जा रही है कि इन सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही थी।






