Home » Uncategorized » जनपद में अलग-अलग तिथि में बजेगी शहनाई, 854 बेटियों की होगी शादी

जनपद में अलग-अलग तिथि में बजेगी शहनाई, 854 बेटियों की होगी शादी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 854 बेटियों की शादी के लिए शासन स्तर से अलग अलग तिथि निर्धारित की गई है। आगामी 16 मार्च को बघरा, बुढाना, शाहपुर ब्लाक में शादी होगी। 18 मार्च को पुरकाजी और मोरना ब्लाक, 19 मार्च को सदर, खतौली ब्लाक और 23 मार्च को चरथावल, जानसठ ब्लाक, मुजफ्फरनगर नगर पालिका में शादी होगी। करीब 854 बेटियों के बैंक खातों में करीब 5.12 करोड की धनराशि कन्यादान के रूप में जाएगी। इस बार वर और वधु की बायोमैट्रिक हाजरी और फेस स्कैनिंग भी होगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को लेकर काफी बदलाव हुए है। पूर्व में योजना के तहत प्रत्येक जोडे पर 51 हजार रुपए खर्च होते आए है। जिसमें 35 हजार रुपए वधु के खाते में और 10 हजार रुपए का सामान दिया जाता था। वहीं छह हजार रुपए भोजन और अन्य व्यवस्था पर खर्च होते थे। अब शासन स्तर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत खर्च होने वाली धनराशि को 51 हजार से बढाकर एक लाख कर दिया गया है। जिसमें 60 हजार रुपए वधु के बैंक खाते में, 25 हजार रुपए का सामान और 15 हजार रुपए भोजन व अन्य व्यवस्था पर खर्च होगे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए करीब 1700 आवेदन आए है। जिनकी जांच पडताल चल रही है।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में यह मिलेगा सामान
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 5 साड़ी ब्लाउज सहित, चुनरी, पैन्ट का कपड़ा, शर्ट का कपड़ा, गमछा, चाँदी की पायल (एक जोड़ी), चाँदी की बिछिया (एक जोड़ी), डिनर सेट, कुकर, कढ़ाही, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डबल बेड चादर, कम्बल, गद्दा/मैट्रेस, तकिया, सिन्होरा, चूड़ी (लाल काँच की) आदि सामान दिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल