मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता आईएएस ने मुजफ्फरनगर में वर्टिकल व्यवस्था को गंभीरता से परखा है। इस दौरान उन्हें प्रोग्रेस काफी कम मिली है। वर्टिकल व्यवस्था के तहत करीब 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो पाया है। उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए है। उन्होंने रामपुर बिजलीघर और टाउन हाल एक्सईएन कार्यालय का निरीक्षण किया है। उन्होंने बिजली सप्लाई को दुरूस्त रखने और नीचे से गल चुके पोल को हटाकर नए पोल लगाने के निर्देश दिए है।
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता आईएएस ने कहा कि झटपट एवं निवेश मित्र पोर्टल पर लगाई गई क्यूरी की समीक्षा कर गलत क्वेरी पर संबंधित आवेदनकर्ता को अवगत कराया जाए। वहीं पोर्टल पर गलत क्वेरी लगाने वाले अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी गर्मी में विद्युत आपूर्ति सामान्य रूप से चलती रहे इस हेतु सभी प्रस्तावित कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर रिपोर्ट दी जाए। सभी अवर अभियंता एवं उपखंड अधिकारी को सप्ताह में दो दिन सेफ्टी ड्रिल अनिवार्य रूप से करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे कि विद्युत दुर्घटना से बचाव किया जा सके। बिलिंग एवं लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली हेतु सभी को निर्देशित किया गया है।







