Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ ने किया जिला अस्पताल की इमरजेंसी व सीएचसी मखियाली का औचक निरीक्षण

सीएमओ ने किया जिला अस्पताल की इमरजेंसी व सीएचसी मखियाली का औचक निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज


जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मखियाली मुख्यालय तथा जिला चिकित्सालय परिसर स्थित इमरजेंसी सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएचसी मखियाली मुख्यालय के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, दवा वितरण काउंटर, पैथोलॉजी लैब सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने कोल्ड चेन कक्ष का भी निरीक्षण किया, जहां वैक्सीन को सुरक्षित तापमान पर संरक्षित रखा जाता है। उन्होंने वैक्सीन स्टोरेज की व्यवस्था, तापमान रजिस्टर तथा संबंधित उपकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन प्रणाली का पूरी तरह से पालन किया जाए।

उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।

इसके पश्चात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। साथ ही उन्होंने इमरजेंसी में उपलब्ध दवाइयों के मेडिसिन स्टॉक का अवलोकन किया तथा ड्रेसिंग बॉक्स में उपलब्ध सामग्री की भी जांच की, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

सीएमओ ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिल सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती रहेगी, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल