मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


नगर पालिका के द्वारा शहर की तंग और छोटी गलियों में सफाई व्यवस्था का दुरूस्त करने के लिए शीघ्र गारबेज ई-रिक्शा सेवा शुरू की जा रही है। इसके लिए नगर पालिका ने करीब 1.80 करोड की धनराशि से 55 गारबेज ई रिक्शा को खरीदा है। इन सभी गारबेज ई रिक्शाओं के द्वारा 55 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और नालियों की सफाई को और प्रभावी बनाने में मदद मिलने के साथ ही स्वच्छता के लिए बनी कई गंभीर समस्याओं का समाधान भी होगा।


नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने 15वें वित्त आयोग से प्राप्त निधि के अंतर्गत करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 55 गारबेज ई-रिक्शा खरीदी हैं। फिलहाल इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में एक-एक गारबेज ई-रिक्शा उपलब्ध कराई जाएगी, जो दिनभर वार्ड की गलियों में घूमकर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण करेगी। इसके साथ ही इन गारबेज ई-रिक्शा के माध्यम से छोटी गलियों में जमा कूड़ा-करकट और नालियों की सिल्ट भी एकत्र की जाएगी। इससे उन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था मजबूत होगी, जहां बड़े कूड़ा वाहनों की पहुंच नहीं हो पाती थी। इसके शुरू होने से सफाई कर्मचारियों को तंग गलियों में हाथ से रेहड़ा खींचकर कूड़ा उठाने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही छोटी गलियों में सफाई के लिए लगाए गए निजी रेहड़ा सफाई कर्मियों की समस्या का भी समाधान होगा और हर घर तक नगरपालिका की सफाई टीम की पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। यदि शहरवासियों से इस सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिलता है, तो भविष्य में ई-रिक्शा की संख्या और बढ़ाने की योजना है।
चेयरपर्सन ने बताया
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों से कूड़ा डलावघर बंद कराए गए हैं और उनका सौंदर्यीकरण कराया गया है। कई स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए एयर मिस्ट टावर भी लगाए गए हैं। अब शहर की छोटी गलियों में स्वच्छता का उजियारा करने के उद्देश्य से करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 55 गारबेज ई-रिक्शा खरीदी गई हैं। जिससे शहर की छोटी गलियों तक भी नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन नगर पालिका






