Home » Uncategorized » पालिका की बोर्ड बैठक में 20 मिनट में पास हो गया 290.34 करोड का बजट और करोडों के 159 प्रस्ताव

पालिका की बोर्ड बैठक में 20 मिनट में पास हो गया 290.34 करोड का बजट और करोडों के 159 प्रस्ताव

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


शनिवार को पालिका के सभागार में हुई बोर्ड बैठक में मात्र बीस मिनट में 290.34 करोड की आय का बजट और करोडों के 159 प्रस्ताव पास हुए है। वहीं शहर के विकास कार्यों पर करीब 486.76 करोड रुपए व्यय करने की महत्वाकांक्षी योजनाओं को भी स्वीकृति मिली है। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में शहरी सौन्दर्यकरण से जुड़े 30 विशेष कार्यों की लगभग 24 करोड़ रुपये की कार्ययोजना भी पास हुई है। उधर अटल चौक, अटल मार्ग और शहीद अब्दुल हमीद चौक के प्रस्ताव पर भी बोर्ड की स्वीकृति की मोहर लगी है।
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षा में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बोर्ड की कार्रवाई से पहले वंदे मातरम गीत और फिर ईओ के द्वारा एजेंडा पढते हुए बोर्ड की कार्रवाई को शुरू किया गया। बोर्ड मीटिंग में मुख्य रूप से शहर में पेयजल आपूर्ति सुधार, पथ प्रकाश, 300 से ज्यादा नए सड़क, जल निकासी व्यवस्था सुधार और सौन्दर्यकरण परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई। कर्मचारियों के आर्थिक हितों को लेकर भी बड़े निर्णय हुए। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित मूल बजट में 2,90,34,90,000 रुपये की आय एवं 4,86,76,00,000 रुपये का अनुमानित व्यय सर्वसम्मति से पारित किया गया। लेखा विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 जनवरी 2026 तक) में पालिका की वास्तविक आय 1,82,21,41,198 रुपये तथा व्यय 1,52,49,94,023 रुपये दर्ज किया गया। एक फरवरी तक पालिका के पास 2,66,78,87,900 रुपये की धनराशि अवशेष रही। अनुमान है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की समाप्ति पर 486.76 करोड़ रुपये व्यय करने के उपरांत 70.37 करोड़ रुपये से अधिक राशि अवशेष रहेगी। बोर्ड बैठक में शहरी सौन्दर्यकरण से जुड़े 30 विशेष कार्यों की लगभग 24 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को भी मंजूरी दे दी गई। इनमें शहर के दो ओवरब्रिजों के नीचे खाली स्थानों का उपयोग अब जनसुविधाओं के लिए किया जाएगा। जानसठ ओवरब्रिज के नीचे बास्केटबॉल कोर्ट तथा गांधी कॉलोनी ओवरब्रिज के नीचे ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। तीनों ओवरब्रिजों पर आकर्षक सीएनसी कटिंग व लाइटिंग कार्य कराया जाएगा। मेरठ रोड, रुड़की रोड और कच्ची सड़क क्षेत्र में भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, जिन पर करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। जानसठ, भोपा और गांधी कॉलोनी मार्ग के ओवरब्रिजों पर लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से लाइटिंग कार्य होगा। डीएम आवास से सूजडू चुंगी तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये से आरसीसी नाला एवं स्लैब निर्माण, मेरठ रोड और सर्कुलर रोड पर लगभग 10 करोड़ रुपये के सौन्दर्यकरण कार्य, मुख्य मार्गों के डिवाइडरों व पाथवे पर गमले, नई मंडी चौड़ी गली में फैंसी पोल, शिव चौक पर वॉल डेकोरेशन तथा चुंगी नंबर दो का सौन्दर्यकरण भी स्वीकृत प्रस्तावों में शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कंपनी बाग में टॉय ट्रेन के सौन्दर्यकरण पर 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे तथा 19.80 लाख रुपये की लागत से 52 बिस्तरों वाला दो शौचालय युक्त आवासीय कंटेनर भी खरीदा जाएगा, जिसका उपयोग विशेषकर वर्षा ऋतु में किया जाएगा। बोर्ड मीटिंग में वार्ड 20 के सभासद भाजपा कार्यकर्ता हनी पाल के निधन पर शोक व्यक्त कर मौन धारण किया गया। वहीं पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की ओर से सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं दी गई। मीटिंग में 55 निर्वाचित सदस्यों में से 45 सभासद उपस्थित रहे। एक सीट रिक्त रही, जबकि 9 सभासद अनुपस्थित रहे। बैठक में सदन की पदेन सदस्य एमएलसी वन्दना वर्मा भी पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल