मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


गुरुवार को विकास भवन के सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने अधिकारियों के साथ जिला प्रशासनिक समन्वय समिति (कोर कमेटी) की बैठक की है। उन्होंने कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की प्रगति, प्रभावशीलता एवं क्रियान्वयन पर समीक्षा की है। हर घर नल योजना में कार्य शत प्रतिशत न होने पर प्रभारी मंत्री ने कडी नाराजगी जताई है। उन्होंने जल निगम एक्सईएन को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है।


बैठक में राज्य मंत्री को सीडीओ ने विगत हुई बैठक में दिए गए दिशा निर्देशों पर हुए कार्यों के अनुपालन आख्या से अवगत कराया। मंत्री को अधिशासी अधिकारी जल निगम ने अवगत कराया हर घर नल योजना के अंतर्गत 29 परियोजनाएं पूर्ण हो गई हैं। मंत्री ने हर घर नल योजना के अंतर्गत अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिए जो परियोजनाएं पूर्ण हो गई हैं उनकी अपडेट सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। शेष परियोजनाओं में 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है उनको पहले शत प्रतिशत कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में निर्माण कार्य चल रहा है, वहां की सड़कों को खुला ना छोड़ा जाए, उन्हें ठीक कराया जाए। इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहां की शहर के प्रमुख चौराहों की सड़को पर ज्यादा अतिक्रमण है। जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक यातायात एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुजफ्फरनगर को निर्देश दिए टीम के साथ शहर के प्रमुख चौराहों की सड़को कब्जा मुक्त कराया जाए। सड़क पर रोड़ी व बजरी तथा सडक पर बड़े वाहन खड़े ना हो तथा बिना हेलमेट लगाए और तेज स्पीड वाहन चलाने वालो पर विशेष ध्यान देते हुए ऐसे लोगों के विरुद्ध चालान तथा आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष को निर्देश दिए है कि अवैध कॉलोनीयों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर के संबंध में तथा विद्युत विभाग की अन्य संबंधित योजनाएं के संबंध में कैंप लगाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। इस दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी वंदना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, विधायक बुढ़ाना राजपाल सिंह बालियान, चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, डीएम उमेश मिश्रा, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, कविता मीणा, सुधीर सैनी, सुनील तेवतिया, सत्यनारायण प्रजापत आदि मौजूद रहे।






