मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के मोहल्ला संतोष विहार में पिछले कई दिनों से आ रहे दूषित और बदबूदार पानी से त्रस्त लोग मंगलवार को सड़क पर उतर गए। उन्होंने नगर पालिका के जलकल विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका को सूचना देने के बाद भी पानी की सप्लाई में कोई सुधार नहीं हुआ है। मोहल्लेवासियोें ने बताया कि दूषित पानी से बच्चे और कुछ लोग बीमार हो गए है। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।


शहर के सर्कुलर रोड स्थित संतोष बिहार कॉलोनी में गुप्ता नर्सिंग होम के बराबर वाली गली में करीब एक सप्ताह से टंकियों से दूषित और बदबूदार पानी आ रहा है। इस बात से खफा होकर मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस दूषित पानी के उपयोग से कई बच्चे व बडे लोग बीमार हो गए हैं। जिनमें से कुछ बच्चों को हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कई बार नगर पालिका को इस गंभीर समस्या की जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान मनोहर सिंह, रेनू लता, नीरज बालियान, राजेंद्र सिंह, मीनू चौहान, मुन्नी, बबीता बालियान, आशु मलिक, उषा सैनी, डोली, ज्योति, रेखा, मिथिलेश, स्वाति ठाकुर आदि मौजूद रहे।






