Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » प्रदूषण विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल, अब आरडीएफ की पहचान करेंगे किसान

प्रदूषण विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल, अब आरडीएफ की पहचान करेंगे किसान

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


जिला पंचायत के सभागार में आयोजित हुए किसान दिवस में फिर से प्रदूषण का मुद्दा छाया रहा। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी समेत कई किसान नेताओं ने प्रदूषण विभाग पर निशाना साधा और कहा कि आरडीएम की जांच करने के लिए प्रदूषण विभाग में कोई भी सक्षम अधिकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्रियों की जांच के दौरान किसानों को साथ रखा जाए। अब किसान आरडीएफ की पहचान करेंगे।
बुधवार को जिला पंचायत के सभागार में एडीएम प्रशासन संजय कुमार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसानों ने कहा कि ओडीएफ की जांच करने में प्रदूषण विभाग के अधिकारी फेल हो रहे है। कोल्हूओं में जलने वाले पदार्थ की प्रदूषण विभाग आसानी से जांच कर लेते है, लेकिन फैक्ट्रियों में जलने वाले कचरे और आरडीएफ की पहचान नहीं कर पा रहे है। प्रदूषण विभाग की जेई ने कहा कि चार फैक्ट्रियों का निर्माण किया गया। दो फैक्ट्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं फैक्ट्रियों से लिए गए नमूने जांच के लिए दिल्ली भेज गए है। करीब एक माह में उनकी रिपोर्ट आएगी। इस पर किसानों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित फैक्ट्री को बंद किया जाए। इस दौरान जिलाध्यक्ष नवीन राठी, सुमित चौधरी, नीरज पहलवान, श्यामलाल, गुलबहार राव, नरेश पुंडीर, शहीद आलम, हेमेंद्र कुमार जिला मीडिया प्रभारी, हैप्पी बालियान, मोनू प्रधान, संजय त्यागी, मनीष प्रधान, उपेंद्र बरवाला, सचिन चौधरी, रमेश कुमार, उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा, एक्सईएन राजेन्द्र भानू आदि अधिकारी मौजूद रहे।

16 करोड की सीसी रोड पांच माह भी नहीं चल पायी
मुजफ्फरनगर। किसानों ने एडीएम प्रशासन को बताया कि गांव नंगला पिथौरा में लोक निर्माण विभाग के द्वारा करीब 16 करोड की धनराशि से सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। यह सीसी रोड मात्र पांच माह में ही टूट गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की जांच कराई जाए और दोषी अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गांव शेरपुर में नाला निर्माण पूरा नहीं कराया गया। जिस कारण सड़क पर पानी भरता है और सड़क भी टूट गई है। किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों की कार्य शैली पर सवाल उठाए है। किसानों ने कार्रवाई की मांग की है।


पावर कारपोरेशन के एक्सईएन की अभद्र भाषा पर भडके किसान
मुजफ्फरनगर। पावर कारपोरेशन के एक एक्सईएन ने किसान दिवस में अभद्रा भाषा का प्रयोग कर दिया। जिसे लेकर किसान काफी नाराज हो गए। उन्होंने एक्सईएन के खिलाफ जमकर हंगामा और नारेबाजी की। बाद में भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने मामले को शांत कराया। उधर एक्सईएन ने भी अपने शब्द वापस लिए। नगर पालिका के नव विस्तारित क्षेत्र के किसानों ने खराब सफाई का मुद्दा किसान दिवस में रखा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका उनके क्षेत्रों में अच्छी सफाई नहीं करा पा रही है।

डीडी साहब आप को कैसे बताए, आपका तो फोन भी नहीं उठता
मुजफ्फरनगर। किसान दिवस में एक किसान ने उप कृषि निदेशक से कहा कि उसकी पिछले कई माह से किसान सम्मान निधि नहीं आ रही है। वह कई बार आफिस में जा चुका है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस पर डीडी प्रमोद सिरोही ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से किसान सम्मान निधि की साइट बंद चल रही है। जो एक सप्ताह बाद चल जाएगी। साइट पर देखकर ही बताया जा सकता है। किसान ने कहा कि वह एक सप्ताह बाद आफिस आ जाएगा। इस पर डीडी ने किसान ने कहा कि आफिस आने की जरूरत नहीं है। फोन पर ही बात कर समस्या का समधान कर दिया जाएगा। किसान ने कहा कि डीडी साहब आप तो फोन भी नहीं उठाते है। डीडी ने कहा कि मीटिंग या फिर जरूरी कार्य होने के कारण फोन नहीं उठ पाया होगा, लेकिन मुझे व्हाट्सएप कर सकते है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल