मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


मंगलवार को नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने रेलवे रोड पर स्थित शेल्टर होम की रसोई को कब्जा मुक्त कराया है। यहां पर करीब तीन साल से एक एनजीओ का अवैध कब्जा बना हुआ था। नगर पालिका का उक्त रसोई को खुर्जा की शंखनाद सेवा संस्था को सौंपने जा रही है। इस संस्था के द्वारा इस रसोई में बेसहारा लोगों के लिए भोजन बनाया जाएगा।
शासन के निर्देश पर रेलवे रोड पर शेल्टर होम बनाया गया है। निर्माण के दौरान यहां पर सामूहिक रसोई भी बनाई गई। जिसमें लोगों को आराम से भोजन मिल सके। वर्ष 2018 में एक समाजसेवी को उक्त सामूहिक रसोई अस्थाई रूप से हैंडओवर कर दी गई। वहीं यह भी शर्त रखी गई कि जब नगर पालिका को जरूरत होगी तो एक माह का नोटिस देकर खाली करा ली जाएगी। इसके बाद 31 दिसम्बर 2018 में शेल्टर होम को चलाने के लिए आदर्श सेवा समिति के साथ पालिका का अनुबंध हो गया। प्रबंधक योगेन्द्र शर्मा ने उक्त रसोई को खाली कराने के लिए पालिका से अनुरोध किया। 31 मार्च 2019 ने संबंधित समाजसेवी को रसोई खाली करने के लिए नोटिस जारी किया। इसके बाद भी उक्त रसोई कब्जा मुक्त नहीं हो पायी थी। अब नगर पालिका ने शेल्टर होम को चलाने का टेंडर खुर्जा की एनजीओ शंखनाद सेवा संस्था को दिया है। मंगलवार को नगर पालिका की ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के नेतृत्व में टीम ने शेल्टर होम पहुंचकर एनजीओ प्रबंधन से भवन खाली कराने की प्रक्रिया को पूर्ण कराया। प्रशासनिक टीम ने सख्ती दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की और मौके पर मौजूद एनजीओ तथा अन्य लोगों से मिलकर ताला खुलवाया और वहां पर रखा गया सामान को हटवाकर भवन को पूरी तरह खाली कराया। इसके बाद ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के आदेश पर पालिका कर्मचारियों ने भवन पर आधिकारिक तौर पर ताला लगाकर कब्जा वापस ले लिया।

नगर पालिका ईओ ने बताया
शेल्टर होम की रसोई को कार्रवाई करते हुए कब्जा मुक्त करा लिया गया है। नगर पालिका ने उक्त रसोई पर अपना ताला लगा दिया है। शेल्टर होम का संचालन कर रही खुर्जा की एनजीओ शंखनाद सेवा संस्था को उक्त रसोई दी जाएगी। जिसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। भविष्य में भी सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका






