Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » गन्ना वाहनों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर, सड़को पर लगे संकेतको को ठीक कराने के दिए निर्देश

गन्ना वाहनों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर, सड़को पर लगे संकेतको को ठीक कराने के दिए निर्देश

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जिलाधिकारी उमेश मिश्राघ ने कोहरे और बढ़ती ठंड को देखते हुए जनपद में सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से उन्होंने गन्ना विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों पर अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि रात्रि और कोहरे के समय वाहन दूर से दिखाई दें और हादसों की आशंका कम हो सके। उन्होंने सड़को पर लगे संकेतको को ठीक कराने के निर्देश दिए
जिलाधिकारी ने इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उप जिलाधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों, नगर पालिका/नगर पंचायतों और पुलिस विभाग की जिम्मेदारी तय की है और निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में इसका सख्ती से पालन कराया जाए।
ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने बेघर और असहाय लोगों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त के दौरान यदि कोई व्यक्ति खुले में या फुटपाथ पर सोता हुआ मिले और उसके पास आश्रय की व्यवस्था न हो, तो उसे निकटतम रैन बसेरे में पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो।
इसके अलावा ठंड से बचाव के लिए कंपनी बाग में एक अतिरिक्त शेल्टर होम भी चालू कराया गया है। पात्र व्यक्तियों को वहां पहुंचाने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों और पुलिस विभाग को सौंपी गई है।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और शासन की स्पष्ट मंशा है कि ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। इसी क्रम में पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा सभी थानों और अधिकारियों को रैन बसेरों की सूची उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि नगर क्षेत्र में टाउन हॉल और रेलवे स्टेशन पर रैन बसेरे स्थापित हैं। वहीं मीरापुर, जानसठ, खतौली, बुढाना, पुरकाजी, सिसौली, चरथावल, भोकरहेड़ी और शाहपुर में नगर पालिका/नगर पंचायत कार्यालयों में रैन बसेरे बनाए गए हैं, जहां जरूरतमंदों को रात्रि विश्राम की सुविधा दी जा रही है।
किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के हेल्पलाइन नंबर 1077, 9412210080 और 0131-2433023 पर संपर्क किया जा सकता है। ठंड के मौसम में किसी भी प्रकार की जनहानि न हो, इसके लिए यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहेगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई व्यक्ति ठंड में असहाय अवस्था में खुले में सोता हुआ दिखाई दे, तो तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी सहायता की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल