Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » राजवाहा रोड को भोपा रोड से जोड़ेगा नया बाईपास: मीनाक्षी स्वरूप

राजवाहा रोड को भोपा रोड से जोड़ेगा नया बाईपास: मीनाक्षी स्वरूप

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के राजवाहा रोड और नई मंडी क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता को परखने के लिए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगति पर चल रहे पाथ-वे साइड पटरी निर्माण कार्य का गहन निरीक्षण किया और मौके पर मिली कई तकनीकी कमियों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने राजवाहा रोड को भोपा रोड से जोड़ने के लिए नई मंडी श्मशान घाट के पीछे नाले की पटरी सीसी रोड के एक बाईपास के रूप में बनाने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जल निकासी, नाले की सफाई और पैदल पथ के सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण तकनीकी कमियां सामने आईं, जिन पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने पाया कि साइड पटरी के निर्माण में सड़क के वर्षाजल को नाले तक ले जाने के लिए उचित मार्ग नहीं छोड़ा गया है। साथ ही नाले की सिल्ट सफाई के लिए वाहन आवाजाही का रास्ता भी बाधित हो रहा है। इस पर उन्होंने निर्माण कार्य में लगी टीम और एई निर्माण को मौके पर ही सख्त नसीहत देते हुए जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्ती से कहा कि भीषण बारिश के समय जलभराव की समस्या किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगी। सड़क से नाले तक उचित ढाल और पाइपलाइन का प्रावधान तुरंत सुनिश्चित किया जाए। पालिका अध्यक्ष ने पैदल पथ पर लगे पेड़ों की सुरक्षा के लिए उनके चारों ओर पक्की गोलाई बनाने के निर्देश दिए। साथ ही राहगीरों और बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच लगाने का भी कहा, ताकि यह पाथ-वे न केवल कार्यात्मक बल्कि सौंदर्यपूर्ण और उपयोगी भी बन सके। पाथ-वे को आमजन के लिए सुविधाजनक और आकर्षक बनाने पर जोर दिया। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि राजवाहा रोड पर चल रहा पाथ-वे साइड पटरी निर्माण कार्य 15वें वित्त आयोग की निधि से लगभग 82 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस दौरान व्यापारी नेता शलभ गुप्ता, जनार्दन विश्वकर्मा, एई निर्माण नैपाल सिंह तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल