मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

वार्ड संख्या 14 में पानी की निकासी की समस्या को दूरे करने के लिए नगर पालिका के द्वारा करीब 85 लाख रुपए की धनराशि से नाला निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने मौके पर पहुंच कर नाले का निर्माण किया है। यह नाला अलमासपुर चौक से कूकड़ा चौक तक बनाया जा रहा है। चेयरपर्सन ने कहा कि मानक के विपरीत कार्य होने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, मानक, तकनीकी और सुरक्षा नियमों के अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मौके पर निर्माणाधीन संरचना में लगाई जा रही सरिया और सामग्री की जांच की। स्थानीय नागरिकों से भी संवाद करते हुए निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरिया मानक के अनुरूप ही लगाया जाए तथा निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या निम्नस्तरीय सामग्री बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इंजीनियरों को निर्देशित किया कि नाले की मजबूती, ढलान, जल-निकासी व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी निजात मिल सके। ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि निर्माण विभाग से वार्ड 14 में अलमासपुर चौक से कूकड़ा चौक तक बन रहा यह नाला 15वें वित्त आयोग की निधि से 85 लाख रुपये की लागत में तैयार किया जा रहा है। इस दौरान सभासदपति राहुल पंवार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सहायक अभियंता निर्माण नैपाल सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।







