मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नई मंडी के मोहल्ला कूकडा में एक अज्ञात गाडी ने शनिवार की देर रात्रि तीन पोल और दो ट्रांसफार्मर को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान आधे कूकडा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पावर कारपोरेशन के द्वारा सप्लाई में सुधार करने के प्रयास किए जा रहे है। रविवार की देर रात्रि तक सप्लाई चालू नहीं हो पायी। उधर एसडीओ ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है
शनिवार की देर रात्रि में एक अज्ञात वाहन ने कूकडा में तीन पोल और ट्रांसफार्मर में टक्कर मार दी। गाडी की टक्कर से तीनों पोल सड़क पर गिर गए और रास्ता भी बाधित हो गया। वहीं 125केवीए और 250केवीए का ट्रांसफार्मर भी सड़क पर गिर कर क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान कूकडा क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लिया और सप्लाई को दुरूस्त करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। रात्रि में पावर कारपोरेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। विभागीय टीम ने सड़क से टूटे हुए पोल को हटवाया। रविवार की सुबह टीम ने तीनों नए पोल को लगाया। वहीं ट्रांसफार्मर को सहीं कर स्थापित करने का कार्य चल रहा है। इस दौरान 22 घंटे से अधिक आधे कूकडा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही है।







