Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » रात्रि में चेयरपर्सन व ईओ ने परखी रैन बसेरा और अलाव की व्यवस्था

रात्रि में चेयरपर्सन व ईओ ने परखी रैन बसेरा और अलाव की व्यवस्था

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

ठंड से लोगों को बचाने के लिए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने रात्रि में अधिकारियों के साथ स्थाई और अस्थाई रैन बसेरे का निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर पहुंच कर चेयरपर्सन ने व्यवस्था को परखा और सफाई कराने के निर्देश दिए। चेयरपर्सन ने शहर के सभी मुख्य स्थानों पर अलाव की व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिए है।
गुरुवार देर रात चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह के साथ स्थाई और अस्थाई रैन बसेरों का औचक निरीक्षण करते हुए पालिका स्तर से की गई व्यवस्थाओं को परखने का काम किया। निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने शेल्टर होम में उपलब्ध सुविधाओंजैसे साफ-सफाई, अलाव की व्यवस्था, नये बिस्तर, कंबल और रजाईकृका विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने मौजूद अधिकारियों और रैन बसेरे का संचालन कर रही एनजीओ के लोगों को निर्देश दिए कि ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए किसी भी सुविधा में कमी न छोड़ी जाए और सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को तत्काल सुदृढ़ किया जाए। पालिका अध्यक्ष ने शहर में कई स्थानों पर पहुंचकर सार्वजनिक अलाव स्थलों की भी वास्तविक स्थिति देखी। पालिकाध्यक्ष ने संबंधित विभागों को नियमित निगरानी बढ़ाने और हर रात निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंदों को बिना किसी बाधा के गर्माहट और सुरक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्पष्ट नीति है कि कोई भी निराश्रित और बेसहारा व्यक्ति सर्दी में सड़कों या खुले में रात गुजारने को विवश न हो। इसी दिशा में नगरपालिका ने रैन बसेरों में ठहरने की समुचित व्यवस्था और शहर में जगह-जगह अलाव की सुविधा सुनिश्चित की है। इस दौरान ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, अवर अभियंता निर्माण कपिल कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल