मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज
भीषण ठंड से बेसहारा लोगों को बचाने के लिए नगर पालिका ने तैयारियां शुरू कर दी है। शहर के रेलवे रोड पर स्थित शेल्टर होम में नगर पालिका के द्वारा मरम्मत और पुताई आदि कार्य कराया जा रहा है। वहीं साईधाम रोड पर नगर पालिका के द्वारा अस्थाई रैन बसेरा बनाया जाएगा। जिसकी तैयारी चल रही है। वहीं शहर में करीब 50 से अधिक अलाव की व्यवस्था की जाएगी।
खुले आसमान और सड़कों के किनारे, फुटपाथ पर रात्रि बीताने वाले लोगों का नगर पालिका के द्वारा कडाके की ठंड में विशेष रूप से ध्यान रखा जाता है। उक्त लोगों के रात्रि में सोने से लेकर तापने तक की नगर पालिका के द्वारा उचित व्यवस्था की जाती है। नगर पालिका ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। रेलवे रोड स्थित शेल्टर होम की मरम्मत और पुताई आदि का कार्य कराया जा रहा है। यहां पर काफी लोग एक साथ रात्रि में विश्राम कर सकते है। वहीं उनके नहाने के लिए गर्म पानी की व्यवस्था भी यहां पर रहती है। इसके अलावा साईधाम रोड पर अस्थाई रैन बसेरा बनाया जा रहा है। यहां पर गद्दे और कम्बल की व्यवस्था की जा रही है। उधर नगर पालिका के द्वारा शिव चौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक, रूडकी रोड, मेरठ रोड, जिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, शामली बस स्टेंड, सहारनपुर बस स्टेंड समेत करीब 50 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाती है। इसके लिए नगर पालिका सूखी लकडियों का इंतजाम करने में लगी हुई है।
इन्होंने बताया
बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएगे। रेलवे रोड स्थित शेल्टर होम की मरम्मत और पुताई आदि कार्य कराया जा रहा है। अस्थाई रैन बसेरा बना हुआ है। उसमें गद्दे और कम्बल की व्यवस्था कराई जा रही है। शहर में विभिन्न स्थानों अलाव की भी उचित व्यवस्था रहेंगी।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका



