मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने, आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा आज ई-रिक्शाओं के निर्धारित रूट व्यवस्था का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ई-रिक्शाओं को रवाना किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे द्वारा गत तीन माह के सतत अध्ययन, सर्वेक्षण एवं योजना निर्माण के पश्चात रुट निर्धारण किया गया, जिसमें शहर के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं आवासीय इलाकों में ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित रूट चिन्हित किए गए हैं। इस अभियान में जिलाधिकारी व एआरटीओ मुजफ्फरनगर का भी पूर्ण सहयोग रहा। आगामी दिनों में प्रत्येक रूट के अनुसार कलर कोडेड (रंग अनुसार) ई-रिक्शा व्यवस्था भी प्रारंभ की जाएगी, जिससे यात्रियों को सही रूट की पहचान में आसानी होगी और यातायात और अधिक सुव्यवस्थित होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि “इस व्यवस्था से न केवल जाम की समस्या में कमी आएगी, बल्कि लोगों को सुरक्षित व समयबद्ध यात्रा का अनुभव भी मिलेगा। हमारा लक्ष्य है कि मुजफ्फरनगर को ट्रैफिक व्यवस्था के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल शहर बनाया जाए।” इसके साथ ही आमजन से अपील की गयी कि रूट के अनुसार ही ई-रिक्शा का प्रयोग करें।
यह पहल जनपद में यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम नागरिकों को सुचारु व जाम-मुक्त परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।






