मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पालिका से अनुबंध होने के बाद भी जेएस एनवायरो सर्विसेज कम्पनी की डोर टू डोर कूडा कलेक्शन करने की व्यवस्था परवान नहीं चढ पायी है। कम्पनी को काम करते हुए काफी समय हो गया है, लेकिन अभी शहर के कुछ ही मोहल्लों से डोर टू डोर कूडा कलेक्शन किया जा रहा है। ऐसे में नगरवासी स्वयं के खर्च से प्राइवेट कर्मचारियों की सहायता लेते हुए कूडा उठवा रहे है। वहीं नगर पालिका के अफसर आंख बंद कर कम्पनी को भुगतान कर रहे है। अनुबंध की शर्तों के अनुसार काम न करने के बावजूद भी कम्पनी को करीब 1.95 करोड का भुगतान किया गया है।
शहरी को स्वच्छ रखने के लिए नगर पालिका प्रतिमाह सफाई पर करोडों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन फिर भी शहरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था खराब बनी हुई है। शहर में डोर टू डोर कूडा कलेक्शन करने के लिए नगर पालिका का जेएस एनवायरो सर्विसेज कम्पनी के साथ अनुबंध हुआ है। इस कम्पनी को शहर में काम करते हुए काफी समय बीत गया है, लेकिन अभी तक पूरे शहर से डोर टू डोर कूडा कलेक्शन शुरू नहीं हुआ है। शहरी क्षेत्र में 85 हजार से अधिक भवन है, लेकिन कम्पनी के द्वारा करीब 15 हजार भवनों से ही प्रतिदिन कूडा लिया जा रहा है। ऐसे में नगरवासियों में रोष भी बना हुआ है। नगरवासी प्राइवेट कर्मचारियों को पैसे देकर प्रतिदिन कूडा उठवा रहे है। ऐसे में नगर पालिका कम्पनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।







