मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पालिका के दो अधिकारी समेत 12 कर्मचारियों का वेतन रूकने पर कर्मचारियों में भारी रोष बना हुआ है। पालिका के अधिकारियों से अनुरोध करने के बाद कर्मचारियों का वेतन बहाल नहीं हुआ है। इस मामले को लेकर स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन ने हडताल और कार्य बहिष्कार करने की कडी चेतावनी पालिका प्रशासन को दी है। संगठन के पदाधिकारियों ने ईओ को ज्ञापन देते हुए कर्मचारियों का वेतन बहाल करने का फिर से अनुरोध किया है।
ऑडिट के दौरान टीम को पत्रावली व दस्तावेज न देना, कार्य में लापरवाही करना आदि मामलों को लेकर एई निर्माण नेपाल सिंह, कार्यवाहक कर अधीक्षक पारूल यादव, प्रवीण कुमार, फिरोज खान, राजीव वर्मा, नितिन कुमार, शोभित सिंघल, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वसीम अहमद, अरूण कुमार, इमरान, बिजेन्द्र कुमार आदि के वेतन पर रोक लगी हुई है। संगठन शाखा अध्यक्ष ब्रजमोहन और महामंत्री सुनील वर्मा ने बताया कि सीधे तौर पर कर्मियों का उत्पीड़न हो रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समाधान नहीं होता है तो कार्य बहिष्कार किया जायेगा। सुनील वर्मा ने बताया कि सोमवार को ईओ के साथ इस मुद्दे पर वार्ता की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर ईओ डा. प्रज्ञा सिंह का कहना है कि ऑडिट टीम को वांछित सूचना और पत्रावलियां विभागों से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। जिससे पालिका प्रशासन की छवि धूमिल हुई। वहीं शासन ने भी नारागजी जताई है। जिस कारण स्वास्थ्य, निर्माण और कर विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन वांछित दस्तावेज उपलब्ध कराने तक रोका गया है।







