मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन व रैकिंग प्राप्त करने के लिए प्रमुख सचिव ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए है। शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए अब नगर पालिका के द्वारा तीन माह नवम्बर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में डोर टू डोर कूडा संग्रहण व सेग्रीगेशन आदि बिन्दुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शासन ने निकाय में ट्रेनिंग पार्टनर का चयन करते हुये कैपेसिटी बिल्डिंग एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए है। वहीं प्रत्येक वार्ड व मोहल्ले में उक्त प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा।
शासन स्तर से प्राप्त आदेश के बाद नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ बैठक की है। ईओ ने बताया कि शासन ने निकाय में ट्रेनिंग पार्टनर का चयन करते हुये कैपेसिटी बिल्डिंग एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए है। प्रत्येक वार्ड व मोहल्ले में उक्त प्रशिक्षण का आयोजन कराने के लिए कहा है। जिससे प्रत्येक नागरिक को कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) व कम्पोस्टिंग आदि से अवगत कराते जागरूकता किया जा सके। सुबह छह से नौ बजे तक डोर टू डोर कूडा कलेक्शन किया जाए। वहीं अधिकारियों के द्वारा सत्यापन भी किया जाएगा और सभी गतिविधियों को स्वच्छ्तम पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सितंबर से नवम्बर माह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए है। माह दिसंबर से निकायवार संबंधित अधिकारियों के साथ सभी लक्ष्यों व अभियान की समीक्षा की जाएगी। प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कार या दंड का प्रावधान रहेगा।







