मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहरी क्षेत्र में अनुबंध के अनुसार जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी काम नहीं कर रही है, वहीं नगर पालिका ने इस कम्पनी को अभी हाल में करीब 1.95 करोड का भुगतान भी कर दिया है। उधर कम्पनी ने टिपिंग फीस के रूम में नगर पालिका में मात्र डेढ लाख रुपए जमा कराए है। सूत्रों का कहना है कि उक्त डेढ लाख रुपए 1.95 करोड रुपए का भुगतान लेने के बाद जमा किए गए है। उधर कम्पनी पर वाल्मीकि समाज के लोग सिक्योरिटी मनी को लेकर गंभीर आरोप लगा रहे है। इस कम्पनी के काम को लेकर नगरवासी संतुष्ट नहीं है।
नगर पालिका ने शहर की सफाई को लेकर एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी के साथ तीन साल तक के लिए अनुबंध किया है। नगर पालिका इस कम्पनी को प्रतिमाह करीब 1.25 करोड रुपए का भुगतान करेंगी। वहीं अनुबंध में साफ दर्शाया गया है कि कम्पनी भी नगर पालिका में पूरी टिपिंग फीस जमा कराएगी। इस कम्पनी के द्वारा अनुबंध के अनुसार काम नहीं किया जा रहा है। शहर के सभी घरों से कूडा नहीं उठ रहा है। ऐसे में नगरवासी काफी परेशान बने हुए है। उधर नगर पालिका ने जुलाई के 15 दिन और अगस्त माह का पूरा भुगतान करीब 1.95 करोड रुपए का किया है। उधर वाल्मीकि समाज के लोगों का आरोप है कि कम्पनी ने करीब 350 कर्मचारियों से एडवांस में करीब 30-30 हजार रुपए की सिक्योरिटी मनी ली है। वहीं कर्मचारियों को वेतन कम दिया जा रहा है। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज बिडला का कहना है कि कंपनी ने वाल्मीकि समाज के साथ लूट की दुकान खोल ली है। जिसकी शिकायत पालिकाध्यक्ष से की जाएगी।







