Home » Uncategorized » किसान मेले के समापन पर क्या बोले चौधरी राकेश टिकेत, सरकार मानी तो किसानों को मिलेगा लाभ

किसान मेले के समापन पर क्या बोले चौधरी राकेश टिकेत, सरकार मानी तो किसानों को मिलेगा लाभ

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


जानसठ रोड स्थित कृषि फार्म में आयोजित तीन दिवसीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का मंगलवार को समापन हो गया। मेले में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप और किसान नेता राजू अहलावत समेत अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर किसानों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कृषि उपकरणों, आधुनिक तकनीक और खेती से जुड़ी नई जानकारियों में किसानों ने विशेष रुचि दिखाई। इस दौरान भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकेत ने कहा कि सरकार हमारे घरों में लगाए सोलर और खेतों में सिंचाई के लिए फ्री बिजली दे।


भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसान मेले की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बड़ा मेला आयोजित किया गया है। यहां नई-नई कंपनियां अपने उत्पाद लेकर पहुंची हैं। सोलर कंपनियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि किसानों के घरों पर सोलर सिस्टम लगाकर उन्हें मुफ्त बिजली दी जाए और सरकार जरूरत के अनुसार उनसे बिजली ले सके। उन्होंने कहा कि मेले में कृषि उपकरणों, बीज और खाद बनाने वाली कंपनियों के बारे में भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है। पंजाब की तुलना में उत्तर प्रदेश में ऐसे कृषि मेलों का आयोजन अभी कम होता है। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि जानकारी के अभाव में किसान कई सरकारी योजनाओं, आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का लाभ नहीं उठा पाते। उन्होंने बताया कि मेले में कैंसर से बचाव, स्वास्थ्य जांच और कृषि उपकरणों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। अंतरराष्ट्रीय जाट सांसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी दांतल ने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों को एक ही स्थान पर आधुनिक कृषि उपकरणों और नई तकनीकों से परिचित कराने का अच्छा मंच प्रदान करते हैं।

गन्ना छीलने की मशीन बनी आकर्षण का केंद्र
मुजफ्फरनगर। किसान मेले में गन्ना छीलने की मशीन किसानों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंत्री नरेंद्र कश्यप, चौधरी राकेश टिकैत, ठाकुर पूरन सिंह और राजू अहलावत समेत कई नेताओं ने मशीन के स्टॉल पर पहुंचकर कंपनी के डीलरों से इसकी कार्यप्रणाली, उपयोगिता और सरकारी सब्सिडी के संबंध में जानकारी ली। आधुनिक कृषि उपकरणों को देखकर किसानों में भी काफी उत्सुकता दिखाई दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल