Home » Uncategorized » ऐतिहासिक धरोहरों के दर्शन कर ज्ञान और संस्कारों से समृद्ध हुईं छात्राएं

ऐतिहासिक धरोहरों के दर्शन कर ज्ञान और संस्कारों से समृद्ध हुईं छात्राएं

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शनिवार को भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी, मुजफ्फरनगर की छात्राओं के लिए ऐतिहासिक एवं शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को ऐतिहासिक और धार्मिक महत्त्व की नगरी कुरुक्षेत्र का भ्रमण कराया गया। इस शैक्षिक यात्रा का उद्देश्य छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों, भारतीय संस्कृति, विज्ञान एवं ज्ञान-विज्ञान की उपलब्धियों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने कुरुक्षेत्र के विभिन्न ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का अवलोकन किया। छात्राओं ने कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र, चिड़ियाघर, पवित्र ब्रह्मसरोवर, कल्पना चावला संग्रहालय तथा तारामंडल सहित अनेक महत्त्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया। इन स्थलों पर छात्राओं को भारतीय इतिहास, धार्मिक परंपराओं, वैज्ञानिक उपलब्धियों और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी जानकारियों को करीब से जानने का अवसर मिला।
पवित्र ब्रह्मसरोवर के दर्शन ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से परिचित कराया, वहीं पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र और तारामंडल के भ्रमण ने उनकी जिज्ञासा को बढ़ाते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता की। कल्पना चावला संग्रहालय के अवलोकन से छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों तथा कल्पना चावला के प्रेरणादायी जीवन से परिचित होने का अवसर प्राप्त हुआ। इस प्रकार यह भ्रमण छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं आनंदपूर्ण रहा।
इस शैक्षिक भ्रमण को सफल, सुव्यवस्थित एवं आनंददायक बनाने में विद्यालय के आचार्य योगेश कुमार राजेंद्र कुमार नीशू कौशिक आकाश कश्यप एवं अनील कुमार, आचार्या सीमा सिंह अर्चना शर्मा पूर्णिमा कपूर दीपिका वर्मा एवं अनीता चौधरी तथा कर्मचारी भैया सुभाष एवं कर्मचारी बहन उषा का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।
सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन और सहयोग से यह यात्रा छात्राओं के लिए यादगार बन गई। इस भ्रमण ने न केवल छात्राओं के ज्ञान के दायरे को विस्तृत किया, बल्कि उनमें अपनी ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान, भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव तथा नई चीजों को जानने की उत्सुकता भी जागृत की।
इस प्रकार कुरुक्षेत्र का यह शैक्षिक भ्रमण छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल