मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुज़फ्फरनगर। प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के मुज़फ्फरनगर स्थित आवास पर वाल्मीकि समाज के सम्मानित एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भेंट कर रेलवे रोड स्थित प्रस्तावित वाल्मीकि चौक के प्रस्ताव को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में रखे जाने पर हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी सम्मानित जनों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी भारतीय संस्कृति, साहित्य एवं आध्यात्मिक चेतना के महान प्रतीक हैं। उन्होंने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर संपूर्ण मानव समाज को सत्य, मर्यादा, न्याय, सदाचार और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श एवं विचार सदियों से समाज को प्रेरणा देते आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज या वर्ग की धरोहर नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की अमूल्य विरासत होते हैं। उनका सम्मान करना, उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और उनसे जुड़ी जनभावनाओं का आदर करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। रेलवे रोड पर प्रस्तावित वाल्मीकि चौक इसी सम्मान, सामाजिक गौरव और महर्षि वाल्मीकि जी के प्रति श्रद्धा की भावना से जुड़ा विषय है।
मंत्री कपिल देव ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते समाज के प्रत्येक वर्ग की भावनाओं, अपेक्षाओं एवं जनहित से जुड़ी मांगों को उचित मंच तक पहुँचाना उनकी जिम्मेदारी है। मुज़फ्फरनगर की सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और समरसता को मजबूत करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने आश्वस्त किया कि महापुरुषों के सम्मान एवं जनभावनाओं से जुड़े विषयों को सदैव प्राथमिकता के साथ उचित मंच पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर सुमित भंवर सागर वाल्मीकि, डॉ. ललित बिरला, रविंद्र बेनीवाल, सुंदरलाल, दीपक वाल्मीकि, रमेश प्रधान, डॉ. विनोद काजल, सुधा एडवोकेट, महेश राज भगत, अजीत वाल्मीकि, अजीत निराला नगर, गजेंद्र अलमासपुर, दीपक सफाई नायक, राजू बेनीवाल, ललित मचल, सुधीर मचल, अनिकेत, राजकुमार सफाई नायक, सतीश दीवान , अमित शेरयार, सोनू खानपुर, विजय बेनीवाल, पुनीत बिरला, सहित वाल्मीकि समाज के अनेक गणमान्य एवं सम्मानित व्यक्ति उपस्थित रहे।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों का स्नेह, सहयोग और विश्वास ही सामाजिक समरसता की वास्तविक शक्ति है। महापुरुषों के सम्मान और जनभावनाओं के आदर के लिए सकारात्मक प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।






