मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आदर्श कॉलोनी रिंग रोड स्थित स्टोर से खरीदी गई चॉकलेट में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। चॉकलेट खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने स्टोर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है।

पीड़ित अमजद सैफी के अनुसार, वह कल शाम अपने बच्चों के लिए रिलायंस स्मार्ट बाजार से चॉकलेट खरीदकर लाए थे। रात में बच्चों ने जैसे ही चॉकलेट खाई, उन्हें खांसी होने लगी और उनकी तबीयत खराब हो गई। परिवार ने जब चॉकलेट को खोलकर बारीकी से देखा तो उसके अंदर कीड़े नजर आए। यह देखकर परिजनों ने बच्चों को चॉकलेट खाने से रोक दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमजद सैफी आज सुबह कुछ अन्य लोगों के साथ दोबारा स्टोर पहुंचे। आरोप है कि वहां चॉकलेट के अन्य पैकेट और डिब्बियां खुलवाकर जांच की गई तो उनमें भी कीड़े मिले। इसके बाद स्टोर में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे।
अमजद सैफी का कहना है कि बच्चों की तबीयत अभी भी खराब है और वह उन्हें चिकित्सक के पास लेकर जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर स्टोर पहुंचने के बावजूद मैनेजर ने नीचे आकर बात करना उचित नहीं समझा और मामले को टालने का प्रयास किया।
वहीं, रिलायंस स्मार्ट बाजार के मैनेजर विवेक शर्मा से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि कंपनी की ओर से उन्हें इस मामले में बयान देने की अनुमति नहीं है।
अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक प्रतिष्ठित स्टोर से खरीदी गई चॉकलेट में कीड़े मिलने की शिकायत कितनी गंभीर है और खाद्य सुरक्षा विभाग इसकी जांच के लिए कब कदम उठाएगा। क्या स्टोर में मौजूद अन्य खाद्य उत्पादों के नमूने भी लिए जाएंगे, यह देखना होगा।






