मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


जानसठ रोड स्थित कृषि फार्म में आयोजित किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी के दूसरे दिन भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बालियान खाप के मुखिया चौधरी नरेश टिकैत और राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी ने कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान रालोद के वरिष्ठ नेता धर्मवीर बालियान, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रेनू तोमर, नगर पंचायत एलम की अध्यक्ष दीपा पंवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।किसान मेले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि उपकरणों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी गई। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि इस तरह के किसान मेले और कृषि प्रदर्शनियों का आयोजन लगातार होना चाहिए। इससे किसानों का ज्ञान बढ़ता है। उन्हें खेती में इस्तेमाल होने वाली नई मशीनों और तकनीकों की जानकारी मिलती है। आज सोलर ऊर्जा से खेती के कई काम किए जा रहे हैं। बड़े-बड़े ट्रैक्टर और आधुनिक मशीनें किसानों के लिए उपलब्ध हैं। ऐसी मशीनें भी आ रही हैं, जिनकी मदद से खेतों में फसल अवशेष और पराली जलाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने किसानों से नई तकनीक अपनाने की अपील करते हुए कहा कि आधुनिक खेती समय की जरूरत है। कार्यक्रम का संचालन चौधरी जयवीर सिंह ने किया। इस दौरान लाटियान खाप के मुखिया चौधरी वीरेंद्र सिंह लाटियान, ब्राह्मण समाज के मुखिया वीरेंद्र शर्मा, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, वरिष्ठ रालोद नेता धर्मवीर बालियान, उमादत्त शर्मा, विदित मलिक, कृष्णपाल राठी, मोहित मलिक, रेनू तोमर, राकेश बालियान, यशपाल बालियान और जाट महासभा मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष धर्मवीर बालियान, कृषि वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. केपी सिंह, डॉ. मोहम्मद नईम अली, देवेश प्रकाश सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर प्रवीण मलिक आदि मौजूद रहे।


युवाओं में बढ़ते नशे पर जताई चिंता
मुजफ्फरनगर। चौधरी नरेश टिकैत ने युवाओं में बढ़ती शराब और नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का नशे की ओर बढ़ना बेहद चिंताजनक है। समाज को इस दिशा में गंभीरता से सोचने की जरूरत है। उन्होंने पशुपालन की घटती प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की। नरेश टिकैत ने बताया कि सिसौली में पिछली पशुगणना के दौरान करीब 10 हजार पशु दर्ज किए गए थे, जबकि इस बार इनकी संख्या घटकर लगभग 4500 रह गई है। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है। हमें दूध की जरूरत है, लेकिन धीरे-धीरे पशुपालन से दूरी बढ़ती जा रही है।
पंजाब और हरियाणा के किसानों से सीखने की जरूरत : संजय राठी
मुजफ्फरनगर। रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आधुनिक कृषि मशीनों का इस्तेमाल अब तेजी से बढ़ रहा है, जबकि पंजाब के किसान काफी पहले ही गेहूं और धान की कटाई सहित खेती के विभिन्न कार्यों में आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल शुरू कर चुके हैं। खेतों को समतल करने वाली मशीनों का भी वहां लंबे समय से उपयोग हो रहा है। उन्होंने बताया कि बहादरपुर गांव में गन्ने की पत्तियां छीलने वाली मशीन पहुंच चुकी है। गन्ना बेल्ट होने के कारण इस मशीन से क्षेत्र के किसानों को काफी लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मशीनरी और वैज्ञानिक तकनीक के इस दौर में किसानों को पंजाब और हरियाणा से सीख लेने की जरूरत है।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने दंगल का किया शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। किसान मेले के दूसरे दिन कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह भी कार्यक्रम में पहुंचे। दोनों ने कृषि प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर आधुनिक तकनीक से निर्मित कृषि उपकरणों का अवलोकन किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार अखाड़े में पहुंचे और दंगल का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।






