मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

विकास भवन सभागार, मुजफ्फरनगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष द्वारा उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रमुख रूप से निम्नलिखित समस्याओं एवं उनके निस्तारण की स्थिति पर चर्चा की गई।
1. नरेना विद्युत स्टेशन की लिंक रोड, ओवरहेड लाइन एवं सड़क चौड़ीकरण का कार्य
एनएचएआई, मेरठ से संबंधित समस्या के संबंध में एनएचएआई के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि नरेना विद्युत स्टेशन की लिंक रोड, ओवरहेड लाइन तथा सड़क चौड़ीकरण के कार्य हेतु बजट स्वीकृत हो चुका है। उक्त कार्य के लिए पुनः टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है, जो लगभग 10 दिन बाद खुलेगा। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत कार्य शीघ्र प्रारंभ करा दिया जाएगा।
2. मखियाली-धंधेड़ा रोड का निर्माण
मखियाली-धंधेड़ा रोड के निर्माण के संबंध में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त कार्य का टेंडर हो चुका है तथा निर्माण कार्य पूर्ण करने की निर्धारित समय-सीमा 12 फरवरी 2027 है। वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है।
3. वैष्णव गल्फ कंटेनर्स, भोपा रोड के सामने से ट्रांसफार्मर हटाने की समस्या
वैष्णव गल्फ कंटेनर्स, भोपा रोड के इकाई स्वामी द्वारा प्रतिष्ठान के मुख्य गेट के सामने स्थापित ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की गई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वारा अवगत कराया गया कि ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होना आवश्यक है। इस पर अध्यक्ष महोदय ने संबंधित अधिशासी अभियंता को इकाई स्वामी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
4. ब्लू स्टार सेनेटरी, मुजफ्फरनगर में नाला एवं सड़क निर्माण की समस्या
ब्लू स्टार सेनेटरी, मुजफ्फरनगर द्वारा एमडीए के बराबर वाली सड़क के किनारे नाला एवं सड़क निर्माण की समस्या उठाई गई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त कार्य हेतु ₹136.84 लाख का अनुमानित आगणन जिलाधिकारी महोदय को प्रेषित किया जा चुका है। इस कार्य को वर्ष 2027-28 की कार्ययोजना में सम्मिलित किए जाने की प्रक्रिया है।
5. औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर में मेंटेनेंस संबंधी समस्याएं
औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर में लंबे समय से लंबित रखरखाव एवं अनुरक्षण संबंधी समस्याओं के संबंध में यूपीसीडा, मेरठ के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि कई कार्यों के आगणन तैयार किए जा चुके हैं तथा बजट भी प्राप्त हो चुका है। संबंधित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने की कार्रवाई की जाएगी।
6. वहलना चौक पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम
वहलना चौक पर वाहनों की निरंतर आवाजाही एवं तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका के दृष्टिगत अध्यक्ष महोदय द्वारा एनएचएआई, मेरठ के अधिकारियों को चौराहे के चारों ओर रंबल स्ट्रिप लगाने का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
7. मैसर्स फैस्पी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, नई मंडी की बैंक ऋण संबंधी समस्या
मैसर्स फैस्पी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, नई मंडी, मुजफ्फरनगर द्वारा एचडीएफसी बैंक से ऋण प्राप्त करने में आ रही समस्या को बैठक में प्रस्तुत किया गया था। इस संबंध में इकाई स्वामी द्वारा अवगत कराया गया कि उनका ऋण वितरण हो चुका है। इकाई स्वामी ने समस्या के समाधान में सहयोग प्रदान करने के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, मुजफ्फरनगर के प्रति आभार व्यक्त किया।
संभावित निवेशकों के साथ भी आयोजित की गई बैठक
जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक के अतिरिक्त जनपद मुजफ्फरनगर में संभावित निवेशकों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। बैठक में निवेशकों द्वारा अपने-अपने निवेश प्रस्तावों से संबंधित समस्याएं एवं कठिनाइयां प्रस्तुत की गईं। अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निवेशकों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, उद्यमियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करना रहा। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाइयों से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनपद में औद्योगिक विकास को गति मिल सके।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार द्वारा किया गया। बैठक में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।






