मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के दृष्टिगत जनपद मुज़फ्फरनगर में 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को गरज-चमक तथा तेज हवाएं चलने की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

1. आमजन के लिए सुरक्षा निर्देश
क्या करें
– अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें।
– मोबाइल फोन चार्ज रखें तथा टॉर्च, प्राथमिक उपचार किट एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखें।
– बिजली के तार टूटने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।
– मौसम संबंधी जानकारी के लिए आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
क्या न करें
– आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग एवं जर्जर भवनों के पास खड़े न हों।
– गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब एवं जलाशयों के निकट न रहें।
– बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रहें तथा धातु की वस्तुओं से दूर रहें।
– अफवाहें न फैलाएं और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें।
2. किसानों के लिए विशेष अपील
– फसलों की कटाई, मड़ाई एवं भंडारण की योजना मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बनाएं।
– कटी हुई फसल एवं कृषि उपज को सुरक्षित तथा ढके हुए स्थान पर रखें।
– खेतों में रखी उपज को तेज हवा एवं संभावित वर्षा से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करें।
– मौसम खराब होने पर खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतें।
– फसल को नुकसान होने की स्थिति में संबंधित लेखपाल, कृषि विभाग अथवा तहसील प्रशासन को सूचना दें।
3. पशुपालकों के लिए निर्देश
– पशुओं को सुरक्षित एवं मजबूत आश्रय में रखें।
– तेज हवा एवं आकाशीय बिजली के दौरान पशुओं को खुले मैदान या पेड़ों के नीचे न बांधें।
– पशुओं के लिए चारा एवं स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखें।
4. विद्यालयों, संस्थानों एवं निर्माण स्थलों के लिए निर्देश
– मौसम संबंधी चेतावनियों के अनुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
– कमजोर एवं अस्थायी संरचनाओं, टिन शेड तथा निर्माणाधीन भवनों की सुरक्षा जांचें।
– विद्यालय परिसरों में पेड़ों, बिजली के तारों तथा अन्य संभावित जोखिम वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें।
– किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित करें।
5. संबंधित विभागों के लिए निर्देश
– राजस्व, कृषि, पंचायती राज, नगर निकाय, विद्युत, पुलिस, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग सतर्क रहें।
– संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था रखें।
– किसी भी प्रकार की जनहानि, पशुहानि अथवा संपत्ति की क्षति की सूचना तत्काल संबंधित तहसील एवं जिला प्रशासन को दें।
– आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखें।
6. आपातकालीन संपर्क
– पुलिस सहायता: 112
– अग्निशमन सेवा: 101
– एम्बुलेंस सेवा: 108
विशेष अपील: जनपदवासियों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं, सतर्क रहें तथा मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सभी नागरिक अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
जिला प्रशासन, मुज़फ्फरनगर
आपकी सतर्कता, आपकी सुरक्षा।






