मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

राष्ट्र सेविका समिति एवं संयुक्त हिंदू मोर्चा के संयुक्त अभियान के अंतर्गत 27 एवं 28 अक्टूबर को नगर में लगभग 14 स्थानों पर मेहंदी शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य हिंदू बहनों को अपनी ही बहनों से मेहंदी लगवाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता के प्रति सजग करना रहा।

आयोजकों के अनुसार, यह अभियान पिछले पांच वर्षों से लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गांधीनगर स्थित श्री श्यामा श्याम मंदिर में भी मेहंदी शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री श्री कपिल देव अग्रवाल की पत्नी श्रीमती अनु अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति की जिलाकार्यवाहिका नीति अग्रवाल ने महिलाओं की सहभागिता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर दिया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मेहंदी लगवाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
आयोजकों का कहना है कि अभियान के माध्यम से महिलाओं को सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी एवं मोबाइल नंबर साझा करते समय सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा या उत्पीड़न की स्थिति में जागरूक रहने का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्र सेविका समिति की सह नगर कार्यवाहिका सुशील राठी, मोनिका, सुषमा, रेणु, अनिता, कनिका, पंकज राठी, अंजलि, भूमि, शगुन, श्रुति, सोनाक्षी, ईशा सहित अन्य बहनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने अभियान को सफल बनाया।






